वर्तमान डिजिटल युग में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (ICT) ने उच्च शिक्षा परिदृश्य को गहराई से प्रभावित किया है। इस शोध पत्र का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालयीन स्तर पर कला, विज्ञान और वाणिज्य संकायों के विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि पर ई-पुस्तकालय की उपयोगिता के प्रभाव का अध्ययन करना है। प्रस्तुत अध्ययन में विभिन्न संकायों और लिंग (छात्र एवं छात्राओं) के बीच ई-पुस्तकालय उपयोगिता के वास्तविक स्तर और विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि में आने वाले अंतर का सांख्यिकीय परीक्षण किया गया है। शोध के लिए वर्णनात्मक सर्वेक्षण पद्धति (Descriptive Survey Method) का प्रयोग करते हुए यादृच्छिक प्रतिचयन विधि द्वारा जयपुर जिले के महाविद्यालयों के कुल 600 विद्यार्थियों (कला- 200, विज्ञान- 200, वाणिज्य- 200, जिसमें 300 छात्र और 300 छात्राएं शामिल हैं) का संतुलित प्रतिदर्श (Sample) चयनित किया गया। विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि को मापने के लिए उनके गत वर्ष के परीक्षा परिणाम के प्रतिशत (%) को आधार बनाया गया, जबकि ई-पुस्तकालय उपयोगिता को मापने के लिए एक संरचित प्रश्नावली का उपयोग किया गया। विभिन्न समूहों के बीच तुलनात्मक विश्लेषण और शून्य परिकल्पनाओं के परीक्षण के लिए टी-परीक्षण (t-test) सांख्यिकीय तकनीक का उपयोग किया गया। निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि महाविद्यालय स्तर पर ई-पुस्तकालय के उपयोग का स्तर (Usage Level) तीनों संकायों और लिंगों के बीच लगभग समान (म/यमान स्कोर 49.32 से 49.79) है। परंतु, जब गत वर्ष के परीक्षा परिणाम प्रतिशत की बात आती है, तो कला और वाणिज्य संकाय की छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में सांख्यिकीय रूप से सार्थक रूप से श्रेष्ठ पाया गया। यह अ/ययन उच्च शिक्षा में डिजिटल पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को उन्नत करने के लिए नीतिगत दिशा-निर्देश प्रदान करता है।